रामलला के दर्शन अवधि में किया गया बदलाव

by Next Khabar Team
A+A-
Reset

-अब दोपहर की भोग आरती में भी शामिल हो सकेंगे श्रद्धालु

अयोध्या।  श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट ने रामलला के दर्शन अवधि में बदलाव किया है। 29 अक्टूबर से सुबह की पाली में दर्शन अवधि आधे और दूसरी पाली में एक घंटे बढ़ाई है। इसके साथ ही श्रद्धालुओं को जागरण और दोपहर की भोग आरती में भी शामिल होने का मौका मिलेगा। अभी तक केवल संध्या आरती में ही भक्तों और श्रद्धालुओं को शिरकत करने का मौका मिलता था।

रामनगरी का ऐतिहासिक कार्तिक पूर्णिमा और परिक्रमा मेला दस्तक दे रहा है। एक नवंबर से कार्तिक पूर्णिमा मेले की चौदह कोसी परिक्रमा के साथ शुरुआत होनी है। वैसे भी जन्मभूमि पर चल रहे भव्य राम मंदिर निर्माण को लेकर रामलला के दर्शनार्थियों की तादात काफी बढ़ गई है। श्रद्धालु और पर्यटकों की सुविधा के मद्देनजर ट्रस्ट ने 29 अक्टूबर से दर्शन अवधि को विस्तारित करने तथा जागरण और दोपहर की भोग आरती में भी श्रद्धालुओं को शिरकत का मौका दिया है। वहीं संध्या आरती में शिरकत करने वाले श्रद्धालुओं की तादात दोगुनी की है।

ट्रस्ट महासचिव चंपत राय ने बताया कि अभी सुबह 7 से 11 और दूसरी पहर 2 से 6 बजे तक दर्शन हो रहा है। 29 अक्टूबर से भक्त सुबह 7 से 11ः30 बजे तथा दूसरी पाली में 2 से 7 बजे तक दर्शन कर सकेंगे। यह व्यवस्था स्थाई रूप से की गई है। उन्होंने बताया कि नई व्यवस्था लागू होने पर कुल 30 भक्त और श्रद्धालु सुबह 6ः30 बजे होने वाली जागरण आरती तथा दोपहर 12 बजे भोग आरती में शामिल हो सकेंगे। इसके लिए इच्छुक लोगों को ट्रस्ट कार्यालय में पंजीकरण कराना होगा। सुरक्षा मानक पूरे होने के बाद 30 लोगों को अनुमति जारी की जाएगी। श्री राय ने बताया कि वर्तमान में चल रही व्यवस्था के तहत 7ः30 बजे संध्या भोग आरती में 30 लोगों को शिरकत की अनुमति है। 29 अक्टूबर से 60 लोग संध्या आरती में शामिल हो सकेंगे।

इसे भी पढ़े  श्रृंगीऋषि आश्रम शेरवाघाट के महंत बने हेमंत दास

 

नेक्स्ट ख़बर

अयोध्या और आस-पास के क्षेत्रों में रहने वालों के लिए एक महत्वपूर्ण सूचना स्रोत है। यह स्थानीय समाचारों के साथ-साथ सामाजिक और सांस्कृतिक घटनाओं की प्रामाणिकता को बनाए रखते हुए उपयोगी जानकारी प्रदान करता है। यह वेबसाइट अपने आप में अयोध्या की सांस्कृतिक और धार्मिक विरासत का एक डिजिटल दस्तावेज है।.

@2025- All Right Reserved.  Faizabad Media Center AYODHYA

Next Khabar is a Local news Portal from Ayodhya