44
– डबल इंजन की सरकार में अपराध व अपराधियों का कोई स्थान नहीं : लल्लू सिंह
अयोध्या। घायल भाजपा कार्यकर्ता बब्बन तिवारी का हालचाल जिला अस्पताल पहुंचकर पूर्व सांसद लल्लू सिंह, पूर्व विधायक इन्द्र प्रताप तिवारी खब्बू, पूर्व महापौर ऋषिकेश उपाध्याय समेत अन्य भाजपा नेताओं ने लिया। बब्बन तिवारी लखनऊ से लौटते समय अपने किसी रिश्तेदार से मिलने के लिए खण्डासा गये हुए थे। यहां सपा के कुछ कार्यकर्ताओं ने उनके उपर जानलेवा हमला कर दिया। गम्भीरावस्था में उनका जिला अस्पताल में चिकित्सकां ने इलाज किया। जिसके बाद उन्हें लखनऊ रेफर कर दिया गया।
मुलाकात के बाद पूर्व सांसद लल्लू सिंह ने कहा कि पार्टी के कार्यकर्ता अपने रिश्तेदारी में गये थे। जब वहां से वह वापस जा रहे थे। तो रास्ते में सपा के कार्यकर्ताओं ने इसके उपर हमला कर दिया। इन्हें बुरी तरह से पीटा। जिससे इन्हें काफी चोट आयी है। प्रशासन मामले में सख्त कार्रवाई कर रहा है। डबल इंजन की सरकार में अपराध व अपराधियों का कोई स्थान नहीं है।
पूर्व विधायक इन्द्र प्रताप तिवारी खब्बू ने कहा कि मारपीट में घायल बब्बन तिवारी गोसाईगंज विधानसभा क्षेत्र के हैदरगंज के निवासी है। जिनकी सपा के लोगों ने पिटाई की है। उनका हालचाल लिया। यूपी में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सरकार है। घटना में शामिल आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई होगी। सपा भारी मतों से चुनाव हार रही है। अपनी हार की हताशा को छिपाने के लिए सपाई अराजकता फैला रहे है।
पूर्व महापौर ऋषिकेश उपाध्याय ने कहा कि सपा का स्वभाव अराजकता का रहा है। समाज में भय व्याप्त करना व लोगो को गुमराह करना उनकी पुरानी आदत है। बब्बन तिवारी के साथ हुई घटना निंदनीय है। आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज हो गई है। प्रशासन अपनी कार्रवाई कर रहा है। भाजपा की सरकार में किसी भी प्रकार के अपराध करने वाले बक्शा नहीं जाएगा। हर व्यक्ति को सुरक्षा प्रदान करना सरकार की प्राथमिकता है।
पूर्व जिलाध्यक्ष अवधेश पाण्डेय बादल ने कहा कि चुनाव में अराजकता फैलाना सपा का पुराना इतिहास रहा है। इस तरह की घटना को अंजाम देकर भाजपा के कार्यकर्ताओं को भयभीत करने की उनकी सोच है। लेकिन पूरे मामले में ऐसी कार्रवाई होगी, जो नजीर बनेगी। इस अवसर पर कृष्ण कुमार तिवारी खुन्नू, सुनील तिवारी शास्त्री, परमानंद मिश्रा, गिरीश पाण्डेय डिप्पुल, करुणाकर पाण्डेय, पवन तिवारी मौजूद रहे।
आठ लोगों पर छिनैती व जानलेवा हमले का केस दर्ज
मिल्कीपुर। खंडासा थाना क्षेत्र अंतर्गत ब्लॉक के सामने लखनऊ से लौट रहे युवक की जमकर पिटाई किए जाने के मामले में गंभीर धाराओं में 8 के विरुद्ध केस दर्ज किया गया है। पिटाई में घायल युवक कुमारगंज थाना क्षेत्र के भाजपा नेता कृष्ण केवल मिश्रा के करीबी हैं। घटना के बाद खंडासा चौकी पर भाजपा कार्यकर्ताओं का भारी जमद लग गया।
घायल हैदरगंज थाना क्षेत्र के बलरामपुर निवासी विजय प्रकाश तिवारी उर्फ बब्बन ने खंडासा पुलिस को दी गई तहरीर में आरोप लगाया गया है कि वह अपने साथियों महाराजगंज थाना क्षेत्र के मया भीगी गांव निवासी अंगद तिवारी और पूरे खिरई मिश्रा का पुरवा कोतवाली बीकापुर निवासी सुनील मिश्रा के साथ लखनऊ से लौट रहा था शाम लगभग 5ः30 बजे ब्लॉक के सामने पहुंचा ही था तभी विपक्षी आशीष यादव, सुरेश यादव, देव कृष्ण यादव, धर्मेंद्र यादव, त्रिलोकी नाथ, अभिषेक, विनोद, देशराज व अन्य ने लाठी डंडों से लैस होकर उसे दौड़ा लिया और जान से मारने की नीयत से सिर पर कट्टे से फायर किया।’
फायर मिस हो गया जब वह अपने साथियों के साथ भागने लगा तभी सभी लोगों ने दौड़ा कर पकड़ लिया और भद्दी भद्दी गालियां देते हुए उनके बाजू को ईंट से कुचल दिया जिसे उन्हें गंभीर चोटे आई, पीड़ित ने आरोप लगाया है कि उसके गले की चेन जेब से चालीस हजार रुपए व मोबाइल फोन भी छीन लिए। जान बचाकर भाग रहा था तभी आशीष यादव ने उनके ऊपर फिर से कट्टे से फायर किया। प्रभारी थानाध्यक्ष संदीप कुमार सिंह ने बताया कि पीड़ित की शिकायत पर केस दर्ज किया गया है घटना की गहन छानबीन की जा रही है।
भाजपा बूथ एजेंट ने सपा प्रत्याशी के खिलाफ थाने में तहरीर
मिल्कीपुर। मिल्कीपुर विधानसभा उपचुनाव में समाजवादी पार्टी के प्रत्याशी अजीत प्रसाद उनके साथ चल रहे बाउंसरों व तीन अन्य के विरुद्ध इनायत नगर पुलिस को भाजपा एजेंट ने मुकदमा दर्ज करने के लिए तहरीर दिया है।
मिली जानकारी के अनुसार विधानसभा मिल्कीपुर के उपचुनाव में बुधवार हो रहे मतदान के दौरान बूथ संख्या 211 प्राथमिक विद्यालय घाटमपुर के भारतीय जनता पार्टी प्रत्याशी चंद्रभानु पासवान के एजेंट संतोष सिंह ने इनायत नगर पुलिस को तहरीर देते हुए आरोप लगाया कि मतदान सुचारू रूप से चल रहा था गांव घाटमपुर के ही रमाकांत यादव पुत्र राम गणेश, बृजेश पुत्र घनश्याम व अविनाश पुत्र राम सवारे ने बूथ पर विवाद करने के लिए सपा प्रत्याशी अजीत प्रसाद व उनके साथ चल रहे बाउंसरों को बुलाकर धमकाया और चुनाव समाप्त होने के बाद जान से मारने की धमकी दी।
गांव के उक्त लोगों के कृत्य से वह काफी आहत है। जानमाल का भी खतरा बना हुआ है। उक्त प्रकरण के संबंध में क्षेत्राधिकारी मिल्कीपुर श्रीयश त्रिपाठी ने बताया कि प्रार्थना पत्र की जांच हो रही है प्राप्त तथ्यों के आधार पर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।