कहा-सपा की प्रदेश में सरकार बनने पर रामनगरी में नही लगेगा कोई टैक्स
अयोध्या। समाजवादी पार्टी की अखिलेश सरकार में राज्यमंत्री रहे तेजनरायन पांडेय पवन ने भाजपा की सरकार पर जमकर भड़ास निकाली। कहा कि राम नगरी में कोई विकास कार्य नही हुए, फिर भी नगर निगम टैक्स वसूली में जुटा है जो अयोध्या के खिलाफ भाजपा सरकार का छल है। स्थानीय होटल में पत्रकारों से मुखातिब पूर्व मंत्री पवन पांडेय ने भाजपा की प्रदेश सरकार को असफल बताया। कहा कि लखनऊ में पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने प्रेसवार्ता कर कहा है कि अयोध्या में सपा की सरकार आने पर टैक्स नहीं लगेगा। इसी बात को पवन पांडे ने दोहराते हुए कहा कि सपा की सरकार बनने पर अयोध्या टैक्स फ्री हो जाएगी। भाजपा सरकार पर आरोप लगाते हुए पवन पांडे ने कहा कि भाजपा की सरकार में अयोध्या छली और ठगी महसूस कर रही है। अयोध्या में कहीं कोई विकास नहीं हुआ कहीं कोई तरक्की नहीं हुई।कहीं कोई उद्दम नहीं है। भाजपा सरकार बताए कि नगर निगम घोषित होने के बाद कितने लोग आर्थिक रूप से संपन्न हुए। कितने बेरोजगारों को रोजगार मिला। कोरोना काल में अयोध्या का व्यापार चौपट हो गया है। अयोध्या में टैक्स के कारण व्यापारी भुखमरी के कगार पर है। प्रश्न किया कि भाजपा सरकार बताए कि नगर निगम ऐसी कौन सी सुविधा दे रहा है जिस पर वो टैक्स वसूल कर रहा है। पवन पांडे ने कहा कि सपा की सरकार में अयोध्या धाम में सीवर लाइन की शुरुआत की। बिजली की अंडरग्राउंड केबल की शुरुआत की। दूसरे चरण में फैजाबाद में अंडर ग्राउंड केबल की शुरुआत होनी थी लेकिन कुछ भी नहीं हुआ। भ्रष्टाचार के मुद्दे पर पवन पांडे ने कहा कि गाजियाबाद में 25 लोगों की मौत भाजपा सरकार में भ्रष्टाचार का सबसे बड़ा उदाहरण है।प्रदेश में कानून व्यवस्था भी ध्वस्त हो चुकी है। अयोध्या के पड़ोसी जनपद अंबेडकर नगर में दो सगे भाइयों की हत्या कर दी गई।