युवाओं को भाजपा सरकार ने दिया धोखा : अखिलेश यादव

by Next Khabar Team
A+A-
Reset

-फैजाबाद लोकसभा प्रत्याशी अवधेश प्रसाद के समर्थन में सपा सुप्रीमों ने की जनसभा


मिल्कीपुर। सपा प्रमुख अखिलेश यादव शनिवार की दोपहर मिल्कीपुर पहुंचे। उन्होंने इनायत नगर मिल्कीपुर क्षेत्र के पांच नंबर चौराहा स्थित मैदान में जनसभा की। यह उनकी तीन दिन में दूसरी जनसभा है। जनसभा को संबोधित करते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सरकार ने युवाओं को धोखा देने का काम किया है। कोरोना काल में इन्होंने जो वैक्सीन लगवाई, आज वो लोगों की जान ले रही है। लोगों को हार्ट अटैक पड़ रहे हैं। अब वैक्सीन बनाने वाली कंपनी कह रही है कि हम वैक्सीन वापस लेंगे। शरीर में जो वैक्सीन चली गई, उसे कैसे वापस लिया जा सकता है। पेपर लीक नहीं हुए, सरकार ने कराए हैं। कहीं, नौजवानों को नौकरी देनी न पड़ जाए।

यह सरकार जानती है, अगर सरकारी नौकरी देंगे तो आरक्षण देना पड़ेगा। पीडीए की सरकार आई तो नौजवानों को उनका हक देंगे। आज नौजवानों के सामने कोई नौकरी का रास्ता नहीं बचा। जब कभी नौकरी की परीक्षा हुई तो पेपर लीक हो गया। भाजपा ने वादा किया था कि किसानों की आय दोगुनी करेंगे। किसी किसान की आय बढ़ी क्या? इन्होंने केवल महंगाई बढ़ाई और खाद की बोरी से 10 किलो की चोरी की। बड़े-बड़े उद्योगपति बैंकों का पैसा लेकर भाग गए थे। इस सरकार में परीक्षाएं रद्द हुईं। इस बार आंसुओं का पानी खतरे के निशान ऊपर बह रहा है। अखिलेश यादव ने कहा कि इस बार जो देश का चुनाव होने जा रहा है, ये हमारे आपके भविष्य का चुनाव है। एक तरफ वो लोग हैं, जो संविधान को बचाना चाहते हैं और दूसरी तरफ वो लोग हैं, जो संविधान बदलना चाहते हैं। चार चरणों के वोट पड़े हैं, उसमें बीजेपी चारों खाने चित्त है।

इसे भी पढ़े  मेंटल-हेल्थ टिप्स से रूबरू हुई सीआईएसएफ

आपने देखा होगा, अब तो आंसुओं की नदी बहने लगी है। हम किसान भाइयों से कह के जा रहे हैं कि किसानों का पूरा का पूरा कर्जा माफ करेंगे। समाजवादी पार्टी ने तय किया है कि राशन की गुणवत्ता बढ़ाएंगे। गरीबों को आटा के साथ डाटा फ्री देने का काम करेंगे। मैंने एम्बुलेंस की सुविधा दी थी, आज एंबुलेंस खराब हो गई है। उन्होंने कहा मैंने जनता की सुविधा के लिए 100 नंबर पुलिस चलाया। इन्होंने इसे बदलकर 112 पुलिस कर दिया। यदि किसी से विवाद होता है तो पुलिस जाती है और दोनों पक्षों से रुपए लेकर वापस चली जाती है। उन्होंने फैजाबाद लोकसभा सीट से सपा प्रत्याशी अवधेश प्रसाद के लिए वोट की अपील की।

अवधेश प्रसाद वर्तमान में मिल्कीपुर विधानसभा क्षेत्र से विधायक हैं। यहां पांचवें चरण में 20 मई को वोटिंग है। आप लोग इनको भारी वोटो से जीत कर दिल्ली भेजे। रोटी कपड़ा और मकान, उससे पहले अपना संविधान। यह चुनाव हमारे आपके भविष्य के साथ-साथ अपने आने वाली पीढ़ी का चुनाव है। अयोध्या पूरे देश दुनिया में सौहार्द के लिए जानी जाती है, अयोध्या भाईचारे एवं गंगा जमुना तहजीब की सीख देती है। जनसभा को सपा जिलाध्यक्ष पारसनाथ यादव, पूर्व मंत्री तेज नारायण पांडे उर्फ पवन पांडे, मिल्कीपुर विधायक एवं लोकसभा प्रत्याशी अवधेश प्रसाद विधानसभा अध्यक्ष पृथ्वीराज यादव एवं प्रदेश सचिव माखनलाल यादव सहित कई नेताओं ने भी संबोधित किया।

नेक्स्ट ख़बर

अयोध्या और आस-पास के क्षेत्रों में रहने वालों के लिए एक महत्वपूर्ण सूचना स्रोत है। यह स्थानीय समाचारों के साथ-साथ सामाजिक और सांस्कृतिक घटनाओं की प्रामाणिकता को बनाए रखते हुए उपयोगी जानकारी प्रदान करता है। यह वेबसाइट अपने आप में अयोध्या की सांस्कृतिक और धार्मिक विरासत का एक डिजिटल दस्तावेज है।.

@2025- All Right Reserved.  Faizabad Media Center AYODHYA

Next Khabar is a Local news Portal from Ayodhya