बाइक सवार बादमाशों ने युवक को मारी गोली

by Next Khabar Team
A+A-
Reset

गंभीर हालत में लखनऊ रेफर

अयोध्या। जनपद में बाइक सवार बदमाश एक युवक को गोली मारकर फरार हो गए। घायल को जिला अस्पताल लाया गया, जहां हालात गंभीर देखते हुए उसे लखनऊ रेफर कर दिया गया है। सूचना पर महराजगंज व गोसाईगंज की पुलिस ने पहुंच कर छानबीन की। घटना के पीछे बस संचालन व रंगदारी का मामला सामने आया है। घायल बलिया जिले का मूल निवासी है।

आरोपी महराजगंज थाना क्षेत्र के राजेपुर सराय के निवासी बताए गए है। गोसाईंगंज के बेलवारी खान गांव के सतीश पांडेय गुड्डू अपने रिश्तेदार बलिया के भीमपुरा मुहल्ले के अभिषेक पांडेय व एक अन्य साथी के साथ अयोध्या जा रहे थे।सोमवार देर रात टंडौली रेलवे क्रासिंग के समीप महराजगंज व गोसाईगंज थाना इलाके की सीमा पर हाईवे पर कार खड़ी कर सतीश व अन्य कार सवार लघुशंका कर रहे थे कि पीछे से बाइक सवार दो बदमाश आये और गोली मार कर फरार हो गए। गोली अभिषेक की पीठ में लगी है।

कार सवारों ने घायल साथी को जिला चिकित्सालय पहुंचाया,जंहा हालत गम्भीर देख चिकित्सकों ने लखनऊ ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया। सतीश ने फोन से बताया कि वह बस्ती से लखनऊ के लिए दो बसों का संचालन करता है, जिसकी देखरेख व सहयोग में घायल अभिषेक भी रहता है।सतीश ने बताया कि राजेपुर निवासी हरिकेश उर्फ मिंटू सिंह व विवेक उर्फ सिट्टू सिंह अपने आपको एक विधायक का खास बताकर रंगदारी मांगते हैं। रविवार को भी देवकाली बाईपास पर बस को रोक कर दोनो ने ड्राइवर व कंडक्टर से रुपयों की मांग कर गाली गलौज किया। विरोध करने पर अभिषेक को अंजाम भुगतने की धमकी दी थी।

इसे भी पढ़े  मां कामाख्या धाम महोत्सव में किसानों को किया गया सम्मानित

मामले की तहरीर कोतवाली नगर में देकर उच्चाधिकारियों को मेल व फैक्स भेजा गया था।सतीश पांडेय ने बताया कि आरोपियों ने साकेतपुरी कालोनी में मरने की धमकी दी थी। एसएचओ महराजगंज दिनेश कुमार सिंह व एसएचओ गोसाईगंज केके मिश्र ने बताया कि दोनों के बीच बस संचालन को लेकर विवाद है। एक दिन पूर्व बस्ती व सोमवार को अयोध्या स्थित बूथ नंबर चार पर विवाद की बात सामने आई है। अभी लिखित तहरीर नही मिली है। दोनो थानों की पुलिस संयुक्त रूप से जांच कर रही है।

 

नेक्स्ट ख़बर

अयोध्या और आस-पास के क्षेत्रों में रहने वालों के लिए एक महत्वपूर्ण सूचना स्रोत है। यह स्थानीय समाचारों के साथ-साथ सामाजिक और सांस्कृतिक घटनाओं की प्रामाणिकता को बनाए रखते हुए उपयोगी जानकारी प्रदान करता है। यह वेबसाइट अपने आप में अयोध्या की सांस्कृतिक और धार्मिक विरासत का एक डिजिटल दस्तावेज है।.

@2025- All Right Reserved.  Faizabad Media Center AYODHYA

Next Khabar is a Local news Portal from Ayodhya