रंगारंग कार्यक्रमों के साथ अयोध्या महोत्सव का हुआ समापन

अयोध्या। गत 26 दिसम्बर से शुरु होने वाले अयोध्या महोत्सव का समापन रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों के बीच हुआ। सम्मान व समापन समारोह के मुख्य अतिथि विधानसभा अध्यक्ष हृदय नारायन दीक्षित ने कहा कि अयोध्या महोत्सव अद्वितीय है। अयोध्यावासी भाग्यशाली है। जिन्होने उस माटी में जन्म लिया है। जहां राम खेले है। राम ने राज्य किया है। निश्चय ही अयोध्या महोत्सव उसी अवध की संस्कृति और साहित्य को एक मंच प्रदान करने में पूर्ण रुप से कामयाब रहा है।
उन्होने कहा कि ईश्वर से प्रार्थना है कि यह महोत्सव अपनी पूर्णता को प्राप्त करे। यहां उपस्थित जनसमूह अवध के साहित्य और संस्कृति को सम्पूर्ण विश्व में जन जन तक पहुंचाये। कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे प्रभारी मंत्री नीलकंठ तिवारी ने कहा कि अयोध्या महोत्सव में आकर अवध की सांस्कृतिक विरासत को संजोए रखने के प्रयास से साक्षात्कार होता है। अयोध्या मर्यादा व आदर्श की नगरी रही है। हमें अपने जीवन में राम के आदर्शो को अपनाना चाहिए। जिससे हम अपने जीवन के साथ समाज को भी आदर्श प्रस्तुत कर सकें। स्वागत भाषण में महोत्सव के मुख्य संयोजक व नगर विधायक वेद प्रकाश गुप्ता ने कहा कि विश्व बंधुत्व को अंगीकार कर अनेकता में एकता की भावभंगिमा भरने वाली हमारी संस्कृति अलौकिक विशेषताओं वाली है। सांस्कृतिक आयोजनों के माध्यम से अयोध्या की महिमा व गरिमा को वैश्विक स्तर पर परिभाषित करने का प्रयास किया जा रहा है। धन्यवाद ज्ञापित करते हुए मिल्कीपुर विधायक बाबा गोरखनाथ ने कहा कि महोत्सव को लेकर जनता का अपेक्षा से ज्यादा सहयोग मिला। न्यास अध्यक्ष हरीश श्रीवास्तव ने कहा कि 26 दिसम्बर से आयोजित इस महोत्सव ने कई उचाईयां को प्राप्त किया। यहां प्रतिभाओं को बेहतर मंच प्रदान किया गया। प्रख्यात कवियों से लेकर फिल्मी हस्तियों ने महोत्सव में शिरकत की। प्रसिद्ध लोकगायिका मालिनी अवस्थी की गीतों ने महोत्सव में लोगो को भावविभोर किया। इस अवसर पर विधायक शोभा सिंह चौहान, विधायक प्रतिनिधि डा अमित सिंह, सहकारी बैंक के सभापति धर्मेन्द्र प्रताप सिंह टिल्लू, महानगर अध्यक्ष अभिषेक मिश्रा, महंत रामदास व गिरीश दास मौजूद रहे।