दो दिवसीय आयोजन में हाेंगे विविध कार्यक्रम
अयोध्या। डॉ. राममनोहर लोहिया अवध विश्वविद्यालय में दिनांक 14 दिसम्बर से 15 दिसम्बर, तक अवध मिथिला सम्मेलन का आयोजन किया जा रहा है। यह सम्मेलन अवध विश्वविद्यालय एवं इंडिया थिंक काउसिंल, नई दिल्ली के संयुक्त संयोजन में होगा। विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो0 मनोज दीक्षित के प्रयास से अवध व मिथिला की साझी विरासत को जोड़ने के लिए विश्वविद्यालय के स्वामी विवेकानन्द सभागार में यह कार्यक्रम होगा। सम्मेलन के दोनों दिन त्रेतायुग का पुनरावलोकन एवं रामायण, अवध की सीता और मिथिला के राम, सीता राम विवाह, वैवाहिक परम्परा और मूल्य, रामायण सर्किट में संस्कृति और आर्थिक विकास की साक्षी विरासत, अवध मिथिला नेपाल के पौराणिक इतिहास और वैदिक साक्ष्य एवं अयोध्या शोध संस्थान द्वारा अवध और मिथिला पर लोकगीतों की प्रस्तुतियां होगी। सम्मेलन में श्रीलंका पर्यटन के निदेशक श्रीलंका रामायण पर प्रस्तुति देंगे, 21 नोट्स वाल्मीकि रामायण श्रंखला बैंगलोर एनिमेटेड रामायण प्रस्तुत करेंगे।
इंडिया थिंक काउसिंल के निदेशक सौरभ पाण्डेय ने बताया कि सम्मेलन में भारतीय सांस्कृतिक अध्ययन केन्द्र के माध्यम से वैश्विक स्तर पर सांस्कृतिक, धार्मिक एवं पौराणिक विषयों पर शोध एवं संवाद स्थापित करना है। कार्यक्रम को भव्य बनाने के लिए अवध विश्वविद्यालय, अयोध्या शोध संस्थान, उत्तर प्रदेश पर्यटन विभाग, महानगर पालिका, अयोध्या एवं जनप्रतिनिधियों अतुलनीय सहयोग प्राप्त है। इंडिया थिंक काउसिंल को अब तक कुम्भ कॉन्क्लेव, आध्यात्मिक अर्थव्यवस्था, संगम संवाद श्रंखला जैसे प्रमुख आयोजन रहे है। इस सम्मेलन में ललित नारायण मिथिला विश्वविद्यालय, दरभंगा, भारतीय सांस्कृतिक सम्बन्ध परिषद, नई दिल्ली, इंदिरा गांधी राष्ट्रीय कला केन्द्र, दिल्ली, 21 नोट्स(वाल्मीकि रामायण वेब सीरीज), इलाहाबाद संग्रहालय, सांस्कृतिक मंत्रालय, द रामायण स्कूल, नोएडा एवं अद्रिका कम्युनिकेशन, लखनऊ जैसे संस्थानों का सहयोग प्राप्त है। निदेशक पाण्डेय ने बताया कि इस सम्मेलन में प्रसिद्ध लोगों की संदेश श्रंखला में राज्यसभा के सांसद डॉ0 सुब्रमण्यम स्वामी, उत्तर प्रदेश विधान सभा के अध्यक्ष ह्दय नारायण दीक्षित, प्रदेश के उप मुख्य मंत्री डॉ0 दिनेश शर्मा, भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह, प्रदेश के मंत्री नंदगोपाल गुप्ता नंदी, अवध विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो0 मनोज दीक्षित, नेपाल में भारत के राजदूत मंजीव सिंह पुरी, जिलाधिकारी अयोध्या अनुज झा, इंदिरा गांधी राष्ट्रीय कला केन्द्र के अध्यक्ष राम बहादुर राय, पूर्व विदेश मंत्री नेपाल रमेश नाथ पाण्डेय, दक्षिण एशिया अध्ययन केन्द्र कांठमांडू के निदेशक निश्छलनाथ पाण्डेय, ललित नारायण मिथिला विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो0 एस0के0 सिंह, उपाध्यक्ष विश्व हिन्दू परिषद चंपत राय, अयोध्या शोध संस्थान के निदेशक वाईपी0 सिंह सहित अन्य लोगों ने इस आयोजन के लिए शुभकानायें प्रेषित की।