-मौके से चोर का जूता, टी-शर्ट और एक साइकिल बरामद

मिल्कीपुर। इनायतनगर थाने के हैरिंग्टनगंज पुलिस चौकी क्षेत्र के रेवतीगंज में स्थित गायत्री पब्लिक स्कूल, रेवतीगंज में बीती रात चोरों द्वारा बड़ी वारदात को अंजाम देने का असफल प्रयास सामने आया है। घटना से इलाके में दहशत का माहौल है। विद्यालय प्रबंधन की सतर्कता और स्थानीय लोगों की सक्रियता से संभावित बड़ी घटना टल गई। बताते चलें कि इधर कुछ समय से रेवतीगंज के आसपास चोर उचक्के ज्यादा सक्रिय हो गए हैं। हैरिंग्टनगंज चौकी प्रभारी आशीष सिंह ने मौके पर पहुंचकर जांच पड़ताल शुरू कर दी है।
विद्यालय प्रबंधन द्वारा पुलिस चौकी हैरिंग्टनगंज में दी गई तहरीर के अनुसार, घटना के समय विद्यालय परिसर में उप प्रबंधक रमाशंकर शुक्ल मौजूद थे। रात करीब 9 बजे कुछ अज्ञात लोग बाउंड्री फांदकर परिसर में घुस आए और वहां खड़ी मारुति वैगन-आर, हुंडई आई टेन व टाटा मैजिक की चाबियां चुरा लीं। कुछ देर बाद परिसर में खड़ी एक कार की पार्किंग लाइट जलती देख संदेह हुआ।
जब वह मौके की ओर बढ़े, तो एक संदिग्ध व्यक्ति पास में छिपा मिला, जो लोगों को आता देख बाउंड्री कूदकर अंधेरे का फायदा उठाते हुए बगल में स्थित गोसाई बाबा स्थल की झाड़ियों में जा छिपा। घटना की सूचना तत्काल डायल 112 और चौकी इंचार्ज हैरिंग्टनगंज को दी गई। मौके पर जुटे लोगों ने संदिग्ध को घेरने का प्रयास किया, लेकिन वह अंधेरे का लाभ उठाकर फरार हो गया। हालांकि, घटनास्थल से चोर का जूता, टी-शर्ट और पास के स्थल से एक साइकिल बरामद हुई है, जिसे पुलिस ने साक्ष्य के रूप में कब्जे में ले लिया है।
विद्यालय के उप प्रबंधक रमाशंकर शुक्ल का कहना है कि घटनाक्रम को देखते हुए प्रतीत होता है कि आरोपियों का उद्देश्य केवल वाहन चोरी ही नहीं, बल्कि किसी बड़ी वारदात को अंजाम देना भी था। घटना के बाद विद्यालय प्रबंधन और क्षेत्रवासियों में आक्रोश है। सभी ने पुलिस प्रशासन से जल्द से जल्द घटना का खुलासा कर आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।