-दहेज की खातिर हमले का आरोप,आरोपी हिरासत में
अयोध्या। पूराकलंदर थाना क्षेत्र के विनायकपुर में एक व्यक्ति ने चाक़ू से अपनी पत्नी पर ताबड़तोड़ वार कर गंभीर रूप से घायल कर दिया।
बीच-बचाव करने दौड़ी अपनी साली को भी नहीं छोड़ा। गंभीर घायल पत्नी को सीएचसी से जिला अस्पताल रेफर किया गया है।पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लिया है। घायल महिला के पिता ने दहेज की खातिर हमले का आरोप लगाया है।
बताया गया कि सुबह करीब 8 बजे वाद-विवाद के बाद राजकुमार (34) पुत्र राम खिलाड़ी ने अपनी पत्नी सरोज देवी (25) पर चाकू से हमला बोल दिया। सरोज के गले पर चाक़ू से हमला कर मार डालने की कोशिश की। इस दौरान दोनों के संघर्ष में सरोज के ऊँगली, हाथ व अन्य जगहों पर भी चाक़ू लगा,वहीं राजकुमार भी चाकू लगने से घायल हुआ। माजरा देख उसी घर में ब्याही सरोज देवी की छोटी बहन आशा ने जीजा को रोकने की कोशिश की तो उसने आशा पर भी हमला कर उसको भी घायल कर दिया।
मौके पर पहुंची यूपी 112 टीम ने आरोपी को हिरासत में लिया और घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मसौधा भेजवाया। जहां प्राथमिक इलाज के बाद डाक्टर ने सरोज देवी की हालत गंभीर देख जिला अस्पताल रेफर कर दिया। दूसरी पहर देवर शिवचंद्र ने एंबुलेंस से लाकर सरोज देवी का को जिला अस्पताल में भर्ती कराया।
पुलिस को दी गई शिकायत में सरोज के पिता कलिका प्रसाद पुत्र बसंतु निवासी सुनबरसा मुसलमीन ग्राम पुरे वल्दी मिश्र का पुरवा कोतवाली बीकापुर का कहना है कि पांच वर्ष पूर्व सरोज का विवाह किया था। कुछ दिनों से उसे दहेज़ के लिए प्रताड़ित किया जा रहा था। सुबह लगभग आठ बजे गाली-गलौच का विरोध करने पर दामाद राजकुमार ने चाकू से गले पर वारकर मरणासन्न कर दिया।
शरीर के अन्य हिस्सों पर भी कई वार किये। बीच-बचाव करने दौड़ी छोटी पुत्री आशा पर भी हमला किया और उसको भी घायल कर दिया। प्रभारी निरीक्षक देवेंद्र सिंह ने बताया कि पुलिस ने हमले के आरोपी पति को हिरासत में लिया है। घयलों को मेडिकल व उपचार के लिए भेजा गया है। तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।