विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना व देशभर से आए पीठासीन अधिकारियों ने किए रामलला के दर्शन

by Next Khabar Team
A+A-
Reset

-अयोध्या आगमन पर सभी का शंखनाद और पुष्पवर्षा के बीच किया गया भव्य स्वागत


अयोध्या। रामनगरी अयोध्या पहुंचे उत्तर प्रदेश विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना तथा देशभर से आए पीठासीन अधिकारियों ने रामलला के दर्शन किए। अयोध्या आगमन पर सभी का भव्य स्वागत किया गया। रूदौली विधानसभा क्षेत्र में भाजपा विधायक रामचंद्र यादव के नेतृत्व में बुलडोजर से पुष्पवर्षा कर अतिथियों का अभिनंदन किया गया। विधायक रामचंद्र यादव ने विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना को बुके भेंट किया। इस दौरान बड़ी संख्या में कार्यकर्ता व समर्थक मौजूद रहे। इसके बाद अयोध्या धाम के निषादराज चौराहे पर नगर विधायक वेद प्रकाश गुप्ता के नेतृत्व में पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ अतिथियों का अभिनंदन किया।

स्वागत समारोह के दौरान शंख ध्वनि, घंटा-घड़ियाल की गूंज और पुष्पवर्षा से पूरा क्षेत्र भक्तिमय और उत्सवमय वातावरण से सराबोर हो गया। कार्यकर्ताओं ने “जय श्रीराम”, “भारत माता की जय” और “वंदे मातरम” के गगनभेदी नारों के साथ राष्ट्रभक्ति का संदेश दिया। स्वागत के दौरान ढोल-नगाड़ों की थाप और फूलों की सजावट ने कार्यक्रम की भव्यता को और बढ़ा दिया। नागरिकों और श्रद्धालुओं की भी बड़ी संख्या में मौजूदगी रही, जिससे आयोजन जनसहभागिता का प्रतीक बन गया। इसके उपरांत विधायक वेद प्रकाश गुप्ता द्वारा राम जन्मभूमि परिसर में विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना एवं अन्य पीठासीन अधिकारियों का अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानपूर्वक स्वागत किया गया। इस अवसर पर उन्होंने अयोध्या की सांस्कृतिक और आध्यात्मिक गरिमा का उल्लेख करते हुए अतिथियों का अभिनंदन किया।

कार्यक्रम में पार्टी के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता एवं समर्थक उपस्थित रहे। वहीं महापौर महंत गिरीशपति त्रिपाठी की अगुवाई में पार्षदों एवं भाजपा नेताओं ने पुष्पगुच्छ भेंट कर भवदीय पब्लिक स्कूल के सामने स्वागत किया। इस मौके पर पूर्व जिला पंचायत सदस्य कृष्ण कुमार पांडे खुन्नू, गिरीश पांडे डिपुल, साकेत महाविद्यालय छात्रसंघ के पूर्व उपाध्यक्ष सुनील शास्त्री, अवधेश वर्मा, भाजपा महानगर उपाध्यक्ष डॉ. राकेश मणि त्रिपाठी, सुबोध चतुर्वेदी, सुशील मिश्र बबलू, केंद्रीय दुर्गा पूजा समिति के अध्यक्ष मनोज जायसवाल, नगर निगम के उपसभापति राजेश गौड़, पार्षद अनुज दास, रिशु पांडे, राजकरन, अनिल सिंह, अनूप श्रीवास्तव, धर्मेंद्र मिश्र, सुनील यादव, विकास कुमार, हरिश्चंद्र, किशन मौर्य, विजय पांडेय, सौरभ सूर्यवंशी, साकेत महाविद्यालय झारखंड के पूर्व अध्यक्ष मुकेश सिंह, श्रीनिवास शास्त्री आदि स्वागत करने वालों में शामिल रहे। पीठासीन अधिकारियों के साथ करीब साढे चार सौ लोगों का दल अयोध्या पहुंचा, राम मंदिर के आद्य शंकराचार्य द्वार से सभी को मंदिर में प्रवेश दिया गया। इस दौरान सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए गए थे।

नेक्स्ट ख़बर

अयोध्या और आस-पास के क्षेत्रों में रहने वालों के लिए एक महत्वपूर्ण सूचना स्रोत है। यह स्थानीय समाचारों के साथ-साथ सामाजिक और सांस्कृतिक घटनाओं की प्रामाणिकता को बनाए रखते हुए उपयोगी जानकारी प्रदान करता है। यह वेबसाइट अपने आप में अयोध्या की सांस्कृतिक और धार्मिक विरासत का एक डिजिटल दस्तावेज है।.

@2025- All Right Reserved.  Faizabad Media Center AYODHYA

Next Khabar is a Local news Portal from Ayodhya