-नामचीन शायर और कवि अपनी रचनाओं से अदब की महफिल में बिखेरेगे रौनक, गंगा – जमुनी तहजीब के शहर में अनूठा प्रयास

अयोध्या। देश की रक्षा में अथक समर्पण का प्रतीक भारतीय सेना के अमर सैनिकों को सलाम करने के लिए फैजाबाद में एक अनुपम साहित्यिक आयोजन की तैयारियां जोरों पर हैं। 27 अक्टूबर 2025 को रात्रि 8 बजे से फॉर्ब्स इंटर कॉलेज, रीडगंज, फैजाबाद में आयोजित होने वाले ‘आल इंडिया मुशायरा एवं कवि सम्मेलन’ में देशभर के नामचीन शायर और कवि शिरकत करेंगे।
यह कार्यक्रम सेना के शहादत भाव को उर्दू-हिंदी कविता के माध्यम से अमर बनाने का अनूठा प्रयास है। गंगा – जमुनी तहजीब के शहर में पहली बार इस तरह के आल इंडिया मुशायरा और कवि सम्मेलन लोगों के लिए अनूठा होगा।
आयोजन के संयोजक अली सईद खान ‘मशमूम’ फैजाबादी ने बताया कि यह मुशायरा भारतीय सेना के जज्बे को सलाम करने का माध्यम बनेगा, जहां शायर व कवि देशप्रेम, बलिदान और एकता के रंग में रंगी रचनाएं पाठ करेंगे। संचालन का दायित्व मशहूर कवि अज़हर इकबाल मुंबई संभालेंगे, जो अपनी बेबाक शायरी से माहौल को और सरस बनाएंगे।
आमंत्रित शायरों और कवियों में प्रख्यात शायरा शबीना अदीब, जौहर कानपुरी, अतुल कुमार अजनबी, अज़्म शाकिरी, कुंवर जावेद, अना देहलवी, मंज़र भोपाली, निकहत अमरोहवी, खुर्शीद हैदर मुजफ्फरनगर, मशकूर ममनून कन्नौज, नरकंकाल मधुप श्रीवास्तव, जमुना उपाध्याय, शोभनाथ फैजाबादी, जमशेद फैजाबादी, वाहिद अली वाहिद, रविन्द्र नाथ कबीर जैसे प्रमुख साहित्यकार शामिल हैं। इसके अलावा, देश के अन्य प्रसिद्ध शायर और कवि भी पधारेंगे, जो इस शाम को यादगार बना देंगे।
फॉर्ब्स इंटर कॉलेज के प्रांगण में होने वाला यह आयोजन साहित्य प्रेमियों, छात्रों और सेना के प्रशंसकों के लिए खुला है। ‘मशमूम’ फैजाबादी ने अपील की कि सभी साहित्य रसिक इस ऐतिहासिक मुशायरे में शरीक होकर सेना के सम्मान में अपनी सहभागिता दर्ज करें। यह कार्यक्रम न केवल साहित्यिक उमंग जगाएगा, बल्कि देशभक्ति की लौ को भी प्रज्वलित करेगा।
मुशायरा और कवि सम्मेलन का पोस्टर लोगों में आकर्षण का केंद्र
आल इंडिया मुशायरा एवं कवि सम्मेलन का जारी पोस्टर जनमानस में खासी चर्चा का विषय बना हुआ है। पोस्टर में शहीद अयोध्या का लाल शहीद लेफ्टिनेंट शशांक तिवारी, परमवीर चक्र विजेता शहीद वीर अब्दुल हमीद, अयोध्या के लाल शहीद राजकुमार यादव के साथ पुलवामा अटैक के बाद सर्जिकल स्ट्राइक आपरेशन सिंदूर का नेतृत्व करने वाली कर्नल सोफिया कुरैशी और विंग कमांडर व्योमिका सिंह की तस्वीर लगी है।