-दूसरे की खतौनी पर चल रहा काम, किसानों की जमीन पर संकट, मची नाराजगी
अयोध्या। गोसाईंगंज कस्बे में बालापैकोली रोड स्थित चौरासी कोसी पथ पर चल रहे निर्माण कार्य को लेकर इलाके में विवाद खड़ा हो गया है।इलाकाई लोगों और प्रभावित किसानों ने आरोप लगाया है कि निर्माण कार्य में अधिग्रहण भूमि के बजाय दूसरे की खतौनी पर काम कराया जा रहा है, जिससे कई लोगों की जमीन प्रभावित हो रही है और उन्हें भारी नुकसान उठाना पड़ सकता है।
पीड़ितों में जयप्रकाश साहू, विजय कुमार गुप्ता, डॉ. बाबर अली, सरस्वती देवी सहित कई स्थानीय लोग शामिल हैं। इन लोगों का कहना है कि उन्होंने इस मामले की शिकायत डीएम,एसडीएम, अधिशासी अभियंता और तहसील दिवस में भी की है। पीड़ितों की मांग है कि निर्माण कार्य से पहले भूमि की सही पैमाइश कराई जाए और भारत सरकार द्वारा जारी एलएमपी मानकों के अनुसार ही काम कराया जाए, ताकि किसी की जमीन का गलत तरीके से नुकसान न हो।
शिकायत के बाद राजस्व टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच भी की, जिसमें बताया जा रहा है कि जमीन की स्थिति में करीब 12.30 मीटर का अंतर पाया गया। इस अंतर को लेकर ही इलाकाई लोगों में सबसे ज्यादा नाराजगी देखने को मिल रही है। लोगों का कहना है कि अगर इसी तरह निर्माण कार्य होता रहा तो कई लोगों की जमीन गलत तरीके से प्रभावित हो सकती है। वहीं इस पूरे मामले पर कार्यदायी संस्था का कहना है कि उन्हें जो कोऑर्डिनेट दिए गए हैं, उसी के आधार पर निर्माण कार्य कराया जा रहा है। संस्था के अनुसार उन्हें जो निर्देश मिले हैं, वे उसी के अनुसार काम कर रहे हैं।
इलाकाई किसानों और काश्तकारों का कहना है कि जब तक भूमि की दोबारा सही पैमाइश और सीमांकन नहीं हो जाता, तब तक निर्माण कार्य रोक दिया जाना चाहिए। उनका आरोप है कि यदि समय रहते इस मामले का समाधान नहीं किया गया तो कई परिवारों की जमीन पर संकट खड़ा हो सकता है। ग्रामीणों का कहना है कि विकास कार्य जरूर होना चाहिए, लेकिन किसी की जमीन पर अन्याय करके नहीं। लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए और सही सीमांकन कराकर ही निर्माण कार्य आगे बढ़ाया जाए। अगर उनकी शिकायतों पर जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो वे इस मुद्दे को लेकर बड़े स्तर पर आंदोलन करने के लिए भी मजबूर हो सकते हैं।