बिना हेलमेट व सीट बेल्ट के अवध विवि परिसर में प्रवेश प्रतिबन्धित

by Next Khabar Team
A+A-
Reset

प्राक्टोरियल बोर्ड की टीम ने चलाया सघन चेकिंग अभियान

अयोध्या। डॉ0 राममनोहर लोहिया अवध विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो0 मनोज दीक्षित के निर्देशन में विश्वविद्यालय के मुख्य परिसर एवं आई0ई0टी0 संस्थान में बिना हेलमेट एवं सीट बेल्ट के प्रवेश प्रतिबन्धित कर दिया गया है। इस अभियान का दायित्व मुख्य नियंता प्रो0 आर0एन0 राय को सौपा गया है। प्राक्टोरियल बोर्ड की टीम ने विश्वविद्यालय के परिसर एवं आई0ई0टी0 संस्थान में सघन चेकिंग अभियान चलाया और परिसर में आने वाले शिक्षक अधिकारियों, कर्मचारियों एवं सम्बद्ध महाविद्यालयों से आने वालों को विश्वविद्यालय गेट पर बैरिकेडिंग लगाकर सुरक्षा कर्मियों के साथ शिक्षकों की टीम ने आवश्यक निर्देश देते दिखाई दिये।
विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो0 मनोज दीक्षित ने सड़क सुरक्षा अभियान को विश्वविद्यालय परिसर में लागू करने का निर्णय लिया है। अभी तक परिसर में छात्र-छात्राओं, शिक्षक, कर्मचारी एवं महाविद्यालय के प्रतिनिधि सड़क सुरक्षा के मानकों की अनदेखी कर बिना हेलमेट एवं सीट बेल्ट के प्रवेश करते दिखाई पड़ते थे इससे दुर्घटनाओं के घटित होने का अंदेशा बना रहता था। परन्तु अब सुरक्षा मानकों की अनदेखी करने वालों को परिसर में प्रवेश करने से एक दिन बाद वंचित कर दिया जायेगा। इस संबंध में परिसर के विभिन्न विभागों को इस आदेश का अनुपालन कराने के लिए सख्त निर्देश दिये गये। कुलपति ने बताया कि 01 अक्टूबर, 2019 को विश्वविद्यालय के सभी परिसरों में मोटर वाहनों का प्रयोग एक दिन के लिए पूर्णतया प्रतिबन्धित कर दिया गया है। पर्यावरण संरक्षण की इस पहल में विश्वविद्यालय प्रत्येक माह की पहली तारीख को यह प्रतिबन्ध जारी रखेगा। ऊर्जा संरक्षण एवं पर्यावरण को स्वस्थ्य बनाये रखने के उद्देश्य से यह निर्णय लिया गया है। इस मुहिम को जनजागरूकता के तहत प्रचारित एवं प्रसारित भी किया जायेगा। प्रो0 दीक्षित ने अयोध्या नगरवासियों से भी अपील की है कि वे माह में एक दिन मोटर वाहन का प्रयोग न कर पर्यावरण संरक्षण की इस मुहिम के भागिदार बने। इस अभियान के संचालन में प्रो0 हिमांशु शेखर सिंह, डॉ0 शैलेन्द्र वर्मा, डॉ0 राजेश सिंह कुशवाहा, डॉ0 विनय मिश्र, डॉ0 नीलम सिंह, डॉ0 रवि पाण्डेय, डॉ0 बृजेश भारद्धाज, डॉ0 प्रवीण राय सहित सुरक्षाकर्मी शामिल रहे।

नेक्स्ट ख़बर

अयोध्या और आस-पास के क्षेत्रों में रहने वालों के लिए एक महत्वपूर्ण सूचना स्रोत है। यह स्थानीय समाचारों के साथ-साथ सामाजिक और सांस्कृतिक घटनाओं की प्रामाणिकता को बनाए रखते हुए उपयोगी जानकारी प्रदान करता है। यह वेबसाइट अपने आप में अयोध्या की सांस्कृतिक और धार्मिक विरासत का एक डिजिटल दस्तावेज है।.

@2025- All Right Reserved.  Faizabad Media Center AYODHYA

Next Khabar is a Local news Portal from Ayodhya