-कर्मचारियों को लगाई फटकार , एक सप्ताह में सुधार का निर्देश
मिल्कीपुर। एडीएम प्रशासन अनिरुद्ध प्रताप सिंह ने सोमवार दोपहर करीब 1ः30 बजे मिल्कीपुर तहसील का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विभिन्न पटलों का जायजा लिया और कई कमियां पाईं। एडीएम ने कर्मचारियों को सख्त हिदायत दी कि यदि कार्यप्रणाली में सुधार नहीं हुआ तो कार्रवाई की जाएगी। निरीक्षण के दौरान एडीएम को संग्रह कार्यालय में सबसे बड़ी अनियमितता मिली। यहां कंप्यूटर में दर्ज जानकारी और रजिस्टर में दर्ज विवरण अलग-अलग पाए गए, जिस पर उन्होंने नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने नजरद कार्यालय, प्रशासनिक प्रतिलिपि कार्यालय, रजिस्टर कार्यालय, फोर्थ निरीक्षक कार्यालय, एसडीएम न्यायालय और नायब तहसीलदार न्यायालय सहित अन्य अनुभागों का भी निरीक्षण किया।
निरीक्षण के बाद मीडिया से बात करते हुए एडीएम प्रशासन ने बताया कि शासन और जिलाधिकारी के निर्देश पर विभिन्न न्यायालयों/कार्यालयों का निरीक्षण किया गया है। उन्होंने अमीन और लेखपालों की सेवा पुस्तिकाओं का भी अवलोकन किया। एडीएम ने एसडीएम, तहसीलदार, नायब तहसीलदार और रजिस्टर कानूनगो को निर्देश दिया कि एक सप्ताह के भीतर मिली कमियों को दूर किया जाए। उन्होंने बताया कि कार्यालयों में साफ-सफाई और फाइलों के रखरखाव में भी कमी पाई गई।
कुछ कर्मचारियों की सेवा पुस्तिकाएं अपडेट नहीं थीं। एडीएम ने इन सभी कमियों को एक सप्ताह में ठीक करने और अद्यतन जानकारी उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। समाधान दिवस में किसानों द्वारा धारा 67 की फाइल गायब होने के आरोप पर एडीएम ने कहा कि यह प्रकरण उनके संज्ञान में नहीं है। उन्होंने बताया कि वे इस संबंध में एसडीएम से जानकारी लेंगे और उचित कार्रवाई की जाएगी। एडीएम का यह निरीक्षण शाम करीब 5ः30 बजे तक चला। निरीक्षण के दौरान उप जिला अधिकारी सुधीर कुमार, तहसीलदार लखन लाल सिंह, नायब तहसीलदार आनंद प्रकाश राय सेम टी तहसील के अन्य कर्मचारी और अधिकारी मौजूद रहे।