अयोध्या। खुद को पुलिस बता सरसों की बिक्री के नाम पर कुमारगंज थाना क्षेत्र के एक गल्ला व्यापारी से ठगी करने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। इसी ने रौनाही और इनायतनगर थाना क्षेत्र में भी इसी तरह से वारदात की थी। इसके पास से पुलिस लोगो वाली बाइक,टोपी और नकदी बरामद की है।
पत्रकार वार्ता में एसपी देहात बलवंत चौधरी ने बताया कि 26 फरवरी को कुमारगंज थाना क्षेत्र में साढ़े नौ कुंतल सरसो बेंचने का वास्ता देकर पुलिस की लोगो लगी और पुलिस की टोपी पहने व्यक्ति ने एक गल्ला कारोबारी से 50 हजार रुपया ठग लिया था। पीड़ित ने पुलिस में धोखाधड़ी और ठगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। कुमारंगज थाना के प्रभारी निरीक्षक संतोष कुमार की टीम ने इटौंजा पुल के पास से जितेंद्र बहादुर सिंह (40 वर्ष ) निवासी ग्राम नौसहरा थाना परसपुर जनपद गोंडा को गिरफ्तार किया है।
पुलिस ने इसके पास से घटना में प्रयुक्त फर्जी नम्बर प्लेट लगी मोटर साइकिल,सात फर्जी नम्बर प्लेट,पुलिस की एक वैरेट कैप,एक मोबाईल फोन,दो पन्नी में काली पीली सरसों का नमूना और 23 हजार रुपया बरामद किया है। उन्होंने बतया कि इसने अन्य जगहों पर भी इसी तरह वारदात अंजाम देने की बात स्वीकार की है और इसके खिलाफ इनायतनगर और रौनाही में इसी तरह का मामला तथा बस्ती के गौर थाने में धोखाधड़ी व कूटरचना तथा आयुध अधिनियम का मामला दर्ज मिला है।