-25 स्थानों पर स्थापित होगा “मे आई हेल्प यू”, 02 गाइड तैनात होंगे प्रत्येक हेल्प डेस्क पर
अयोध्या। सप्तपुरियों में शामिल अयोध्या धाम में प्रभु श्रीराम के दर्शन की उम्मीद लेकर आने वाले श्रद्धालुओं को आवश्यक जानकारियों से लैस कराने व हर सम्भव सहयोग दिलाने का बीड़ा नगर निगम ने उठाया है। इसके लिए अयोध्या में 25 स्थानों पर मे आई हेल्प यू डेस्क की स्थापना की जाएगी। प्रत्येक डेस्क पर दो गाइड तैनात होंगे, जिन्हें प्रशिक्षित किया जा रहा है। चैत्रराम नवमी मेला के मद्देनजर गुरुवार को हेल्प डेस्क अस्तित्व में आ जाएगा। महापौर महंत गिरीशपति त्रिपाठी समारोहपूर्वक इसका उद्घाटन करेंगे।
देश-विदेश के कोने-कोने से रामनगरी आने वाले लाखों श्रद्धालुओं की सहायता के लिए 25 मे आई हेल्प यू डेस्क की स्थापना की जाएगी। यहां सूर्योदय से लेकर देर रात्रि तक गाइड मौजूद रहेंगे, जो श्रद्धालुओं को राममंदिर समेत मठ-मंदिरों में दर्शन-पूजन की समयावधि की जानकारी देंगे।
इसके साथ ही अयोध्या के आसपास के दर्शनीय स्थलों की जानकारी भी पर्यटकों को उपलब्ध कराएंगे, ताकि 84 कोसी परिक्रमा क्षेत्र में धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा दिया जा सके। अयोध्या से विभिन्न नगरों को जाने के लिए बस, ट्रेन, हवाई जहाज आदि सेवाओं के बारे में भी जानकारी उपलब्ध कराएंगे।
अपर नगर आयुक्त सुमित कुमार ने बताया कि अयोध्या में ठहरने के लिए उपलब्ध लॉज, होटल एवं पार्किंग सेवा जैसी महत्वपूर्ण जानकारियां भी श्रद्धालु यहां से प्राप्त कर सकेंगे। यहां पीने के लिए शुद्ध पेयजल उपलब्ध रहेगा तथा प्राथमिक उपचार की भी व्यवस्था रहेगी।
नगर निगम के जनसंपर्क अधिकारी मुकेश कुमार पांडेय ने बताया कि लता चौक, बिरला धर्मशाला, राममंदिर, सरयूघाट पुराना पुल, धर्मपथ, दर्शन पथ, शांति चौक, चूड़ामणि चौराहा समेत 25 स्थानों पर हेल्प डेस्क की स्थापना की जाएगी ताकि श्रद्धालुओं को किसी तरह की कठिनाई ना हो। इसकी जिम्मेदारी कैप्रीकॉर्न आउटडोर मीडिया प्राइवेट लिमिटेड संस्था को सौंपी गई है। नगर आयुक्त श्री संतोष कुमार शर्मा ने हेल्प डेस्क की स्थापना की सभी तैयारी कल तक पूरा कर लेने का निर्देश दिया है।
नगर निगम ने सेवा संग आय वृद्धि में भी रचा कीर्तिमान
अयोध्या। प्रयागराज में आयोजित कुंभ मेला के चलते राममंदिर दर्शन एवं सरयू स्नान के लिए जनवरी एवं फरवरी माह में अयोध्या पहुंचे करोड़ों श्रद्धालुओं की सेवा के मामले में नगर निगम ने न केवल इतिहास रचा, बल्कि बीते वित्तीय वर्ष में आमदनी वृद्धि के मामले में भी कीर्तिमान स्थापित किया है। कुशल प्रबंधन के चलते आय में बीते वित्तीय वर्ष में कुल 1969 लाख रुपये की वृद्धि दर्ज की है।
नगर निगम के इतिहास में पहली बार आय में इतनी बढ़ोतरी हुई है। नगर निगम ने महापौर महंत गिरीशपति त्रिपाठी के मार्गदर्शन एवं नगर आयुक्त श्री संतोष कुमार शर्मा के नेतृत्व में नगर निगम ने सीमित संसाधनों के बावजूद पिछले वित्तीय वर्ष में अयोध्या आए लाखों श्रद्धालुओं को पेयजल, स्वच्छता, पार्किंग, ठहरने के लिए आवास, आवश्यकता अनुसार प्राथमिक उपचार जैसी सेवाओं के मामले में तो मिसाल कायम की ही, आमदनी वृद्धि के मामले में भी रिकॉर्ड बनाने में कामयाब रहा।
नगर निगम के जनसंपर्क अधिकारी मुकेश कुमार पांडेय ने बताया कि वित्तीय वर्ष 2023-24 में गृहकर, जलकल, सीवेजकर के रूप में 20 करोड़ 34 लाख 82 हजार रुपये की आय हुई थी, जबकि अन्य मद से होने वाली करेत्तर आय 15 करोड़ 80 लाख 31 हजार रुपये थी। इस तरह कुल आय 36 करोड़ 15 लाख 13 हजार रुपये हुई थी।
इसके सापेक्ष वित्तीय वर्ष 2024-25 में नगर निगम की आय बढ़कर 55 करोड़ 84 लाख चार हजार 272 रुपये हो गई। इसमें कर के रूप में प्राप्त धनराशि 27 करोड़ 77 लाख 73 हजार 535 रुपये है, जबकि अन्य तरह से नगर निगम को हुई करेतर आय 28 करोड़ छह लाख 30 हजार 737 रुपये रही।
अपर नगर आयुक्त सुमित कुमार ने बताया कि इस वित्तीय वर्ष में नगर निगम की आय में 40 फीसदी वृद्धि का लक्ष्य रखा गया था, जिसके सापेक्ष लगभग 65 फ़ीसदी आय में वृद्धि हुई है। महापौर महंत गिरीशपति त्रिपाठी ने नगर निगम को आर्थिक रूप से सक्षम में बनाने में कर्मचारियों एवं अधिकारियों की योगदान के लिए सराहना की है।