-नागेश्वर नाथ सहित प्रमुख मंदिरों में भोर से ही लगी रहीं श्रद्धालुओं की लम्बी कतार

अयोध्या। रामनगरी अयोध्या में महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर रामनगरी शिवभक्ति में सराबोर नजर आई। शहर के प्राचीन एवं प्रसिद्ध नागेश्वर नाथ मंदिर में भोर से ही श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लगी रहीं। भक्तों ने भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक कर सुख-समृद्धि और मनोकामना पूर्ति की कामना की। इसके अलावा क्षीरेश्वर नाथ मंदिर सहित अन्य शिवालयों में भी भारी भीड़ उमड़ी। हर-हर महादेव और बम-बम भोले के जयकारों से पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा।
महिलाओं, युवाओं और बुजुर्गों ने पूरे श्रद्धाभाव से पूजा-अर्चना की श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए प्रशासन की ओर से व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की गई है मंदिर परिसरों के आसपास पुलिस बल तैनात रहा। यातायात को सुचारु बनाए रखने के लिए विशेष इंतजाम किए गए। स्वास्थ्य और सफाई व्यवस्था पर भी विशेष ध्यान दिया गया। शाम को शहर के विभिन्न क्षेत्रों से भव्य शिव बारात निकाली गयी जिसमें आकर्षक झांकियां और डमरू-नगाड़ों की गूंज से माहौल और अधिक उत्साहपूर्ण हो गया। मान्यता है कि महाशिवरात्रि के दिन भगवान शिव की आराधना करने से विशेष फल की प्राप्ति होती है।
महाशिवरात्रि के अवसर पर अयोध्या की छटा ऐसी दिखाई दी मानो काशी नगरी का स्वरूप यहां साकार हो उठा हो। जिस प्रकार वाराणसी में महाशिवरात्रि पर अद्भुत दृश्य देखने को मिलता है, ठीक वैसा ही आलोकित और श्रद्धामय वातावरण अयोध्या में भी देखने को मिला। महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर धर्मनगरी अयोध्या में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे। श्रद्धालुओं के सुगमतापूर्वक एवं सुरक्षित दर्शन-पूजन को सुनिश्चित करने के लिए पूरे नगर क्षेत्र को पाँच जोन और 12 सेक्टर में विभाजित किया गया था। घाट जोन के साथ-साथ प्रमुख शिवालयों पर भी पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहा।