-जिला पंचायत अध्यक्ष रोली सिंह ने कार्यक्रम का किया शुभारम्भ, 88 सुहागिन महिलाएं हुईं शामिल
अयोध्या। रूदौली तहसील क्षेत्र के मवई ब्लॉक के ग्राम पंचायत कसारी में गुरुवार को माता शक्तियों के सम्मान में पारंपरिक सामूहिक ‘दुरदुरिया’ कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती रोली सिंह ने दीप प्रज्वलित कर किया। इस अवसर पर औसान माता के प्रांगण में भक्ति और उल्लास का माहौल देखने को मिला।
पारंपरिक वेशभूषा में सजी कुल 11 समूहों की 88 सुहागिन महिलाओं ने एक साथ दूर-दुरिया गीत गाते हुए सामूहिक रूप से पूजा-अर्चना की। कार्यक्रम के आयोजक अधिवक्ता दिलीप कुमार सिंह ने बताया कि इस आयोजन का उद्देश्य समाज में मातृशक्ति के महत्व को रेखांकित करना और परंपरागत लोक संस्कृति को नई पीढ़ी तक पहुंचाना है। उन्होंने बताया कि “गांव की माताएं और बहनें आज भी परंपराओं को जीवित रखे हुए हैं, और ऐसे आयोजनों से समाज में एकता और श्रद्धा की भावना मजबूत होती है।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती रोली सिंह उपस्थित रहीं, जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में जिला पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि आलोक सिंह रोहित भी शामिल हुए। कार्यक्रम के उपरांत औसान माता रानी के प्रांगण में वृक्षारोपण कर मातृशक्ति के सम्मान में पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया। और अपने संबोधन में जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती रोली सिंह ने कहा कि “महिलाएं समाज की रीढ़ हैं। जब महिला सशक्त होती है तो पूरा समाज सशक्त होता है।
ऐसे आयोजन हमारी संस्कृति की जीवंत मिसाल हैं।” इस अवसर पर जिला पंचायत सदस्य सुमन पासवान ने भी महिलाओं को संबोधित करते हुए कहा कि “ग्रामीण अंचलों में महिलाओं की भागीदारी समाज के विकास की दिशा तय करती है। हमें अपनी संस्कृति को सहेजने की जिम्मेदारी खुद उठानी होगी।” इस मौके पर जिला पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि आलोक कुमार रोहित सिंह सनातनी अमर तिवारी रामकिशोर शुक्ला नारायण बक्श सिंह बब्बन सिंह श्रवण सिंह काफी संख्या में लोग मौजूद रहे।