-संतोष उपसभापति निर्वाचित, छह नए सदस्यों को कार्यकारिणी में मिली जगह
अयोध्या। मंडलायुक्त परिसर स्थित गांधी सभागार में रविवार को आयोजित नगर निगम अयोध्या बोर्ड की बैठक में वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए 736 करोड़ रुपये का बजट सर्वसम्मति से पास हो गया। इससे पहले कार्यकारिणी के छह नए सदस्यों का चुनाव किया गया। इन्होंने कार्यकारिणी के कार्यकाल पूरा कर चुके सदस्यों अनुज दास, सुल्तान अंसारी, उपसभापति राजेश गौड़, हरिशचंद्र अग्रहरि, अभिनव पांडे एवं गरिमा मौर्य का स्थान ग्रहण किया। कार्यकारिणी ने संतोष सिंह को नया उपसभापति चुना। उन्होंने वर्तमान उपसभापति राजेश गौड़ का स्थान ग्रहण किया। इस मौके पर विधायक श्री वेदप्रकाश गुप्त एवं नगर आयुक्त जयेंद्र कुमार मौजूद रहे।
महापौर महंत गिरीश पति त्रिपाठी की अध्यक्षता में आयोजित सदन की बैठक में कार्यकारिणी सदस्य के रूप में भाजपा के संतोष सिंह, रामशंकर निषाद, गायत्री देवी एवं मनीषा यादव के नाम का प्रस्ताव नेता सदन बृजेन्द्र सिंह ने रखा।निर्दलीय विकास कुमार एवं आभा पांडेय के नाम का प्रस्ताव सूर्यकुमार तिवारी सूर्या ने रखा, जिसे सदन में सर्वसम्मति से स्वीकार किया गया। इसी तरह संतोष सिंह को सर्वसम्मति से उपसभापति का दायित्व सौंपा गया। सचेतक अनुज दास, उप सचेतक अनूप कुमार एवं दीप कुमार को चुना गया। नवनिर्वाचित कार्यकारिणी सदस्यों एवं उपसभापति का सदन में करतल ध्वनि से स्वागत किया।
महापौर, नगर आयुक्त तथा अन्य अधिकारियों एवं पार्षदों ने बुके भेंटकर एवं माल्यार्पण कर बधाई दी। इसके बाद बजट को सदस्यों ने ध्वनिमत से पास किया। इस वित्तीय वर्ष में 735 करोड़ 66 लाख 35 हजार रुपये का प्रस्ताव रखा गया। प्रारंभिक अवशेष 121 करोड़ 55 लाख 63 हजार रुपये समेत कुल अनुमानित आय 798 करोड़ 81 लाख 98 हजार रुपये का आकलन किया गया।
पार्षद अनुज दास ने बजट को सर्वसम्मति से पास करने का प्रस्ताव रखा, जिस पर नेता विपक्ष विशाल पाल समेत सभी सदस्यों ने मेज थपथपा कर समर्थन किया। चर्चा के दौरान पूर्व उप सभापति जयनारायण सिंह रिंकू ने रायबरेली रोड स्थित कल्याण मंडपम का नाम अमर शहीद कैप्टन शशांक तिवारी के नाम पर रखने का प्रस्ताव प्रस्तुत किया, जिसका समर्थन जयनारायण यादव सहित सभी पार्षदों ने किया। जयनारायण ने शहीद राजकुमार यादव के नाम पर किसी स्मारक का नामकरण करने का मुद्दा उठाया, जिस पर महापौर गिरीशपति त्रिपाठी ने सहमति जताई। उन्होंने बताया कि अमर शहीद के सम्मान में प्रकाश एवं हैंडपंप का प्रबंध नगर निगम की ओर से कराया गया है।
पार्षद विनय जायसवाल ने स्वच्छता के मुद्दे पर चर्चा में हिस्सा लेते हुए डोर-टू-डोर कूड़ा उठाने वाली संस्था की कार्यशैली पर सवालिया निशान खड़ा किया, जिसका समर्थन अंकित तिवारी समेत अन्य पार्षदों ने किया। सदन में पार्षद निधि निर्धारित करने का भी मुद्दा जोर-शोर से उठाया गया। बजट पर चर्चा में नेता सदन बृजेंद्र सिंह, नेता विपक्ष विशाल पाल, रामभवन यादव, निर्दलीय पार्षद दल के सूर्यकुमार तिवारी सूर्या, वरिष्ठ पार्षद अनिल सिंह, चंदन सिंह, सुमन, मनीषा यादव, गरिमा मौर्या, अर्चना, अभिनव पांडे, अखिलेश पांडे, राशिद सलीम, मुकेश कुमार सहित कई पार्षदों ने हिस्सा लिया। इस मौके पर सांसद प्रतिनिधि हामिद जाफर मीशम, उपसभापति राजेश गौड़, अपर नगर आयुक्त डॉ. नागेंद्र नाथ, भारत भार्गव, सुमित कुमार, सहायक नगर आयुक्त गुरुप्रसाद पांडेय, मुख्य अभियंता सिविल पुनीत ओझा, महाप्रबंधक जलकल सौरभ श्रीवास्तव, नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. राममणि शुक्ल मौजूद रहे। संचालन मुख्य कर निर्धारण अधिकारी गजेंद्र कुमार ने किया।
मनोनीत पार्षदों का शपथ ग्रहण सोमवार को सुबह 11ः00 बजे सर्किट हाउस के सभागार में
-नगर निगम के मनोनीत पार्षदों का शपथ ग्रहण सोमवार को सुबह 11ः00 बजे सर्किट हाउस के सभागार में कराया जाएगा। इस बात की घोषणा सदन में महापौर गिरीशपति त्रिपाठी ने की।
उन्होंने सभी मनोनीत पार्षदों एवं महानगर क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों को सूचना देने तथा शपथ ग्रहण की तैयारी को व्यवस्थित करने का निर्देश नगर निगम के अधिकारियों को दिया।