-कप्तान ऋषभ पंत ने की विधिवत पूजा-अर्चना
अयोध्या। आईपीएल शुरू होने से पहले लखनऊ सुपर जायंट्स की 20 सदस्यीय टीम शनिवार को रामनगरी अयोध्या पहुंची। जहां खिलाड़ियों और सपोर्ट स्टाफ ने रामलला के दर्शन-पूजन कर आशीर्वाद लिया। टीम के साथ फ्रेंचाइजी के मालिक संजीव गोयनका भी मौजूद रहे। सभी ने राम मंदिर में विधिवत पूजा-अर्चना की।
आगामी सीजन में बेहतर प्रदर्शन की कामना की।इस दौरान टीम के कप्तान ऋषभ पंत समेत अन्य खिलाड़ियों ने भी श्रद्धा के साथ भगवान श्रीराम के चरणों में शीश नवाया। मंदिर परिसर में टीम के पहुंचने से श्रद्धालुओं में उत्साह का माहौल देखने को मिला। मंदिर निर्माण के प्रभारी गोपाल राव और एसपी सुरक्षा बलरामाचारी दुबे ने सभी खिलाड़ियों को मंदिर का भ्रमण कराया।
खिलाड़ियों ने मंदिर की भव्यता की सराहना की। दर्शन-पूजन के बाद पूरी टीम अयोध्या से लखनऊ के लिए रवाना हो गई। आईपीएल के आगाज से पहले टीम का यह आध्यात्मिक दौरा काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है, जहां खिलाड़ियों ने नए सीजन से पहले भगवान का आशीर्वाद लिया।