75 घंटे का अनवरत काव्यपाठ हुआ प्रारम्भ

by Next Khabar Team
A+A-
Reset

देश के 750 कवि देंगे अपनी प्रस्तुति

अयोध्या। भारतीय साहित्य में समाहित मनोभाव को कलात्मक रुप से अभिव्यक्त करते अनवरत 75 घंटे चलने वाले काव्यपाठ का राममनोहर लोहिया अवध विश्वविद्यालय के संतकबीर सभागार में गुरुवार को उद्घाटन हुआ। राष्ट्रीय कवि संगम के तत्वाधान में शिवरात्रि पर श्रीलंका से चलने वाली राम वन गमन पद यात्रा अयोध्या पहुंची थी। जिसके समापन पर इस कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। 75 घंटे अनवरत चलने वाले काव्यपाठ में 9 अप्रैल को राष्ट्रीय कवि सम्मेलन का आयोजन अवध विश्वविद्यालय के स्वामी विवेकानंद सभागार में होगा।

राष्ट्रीय कवि संगम के प्रान्तीय सलाहकार हरीश श्रीवास्तव ने बताया कि राम वन गमन पद यात्रा की शुरुवात श्रीलंका से शिवरात्रि पर हुई थी। भगवान ने वन गमन के दौरान जिन स्थानों पर विश्राम किया था। इन्हीं स्थानों से होते हुए यह काव्य यात्रा बुधवार को अयोध्या पहुंची। यहां यात्रा का अंतिम पड़ाव भरतकुंड में हुआ। जहां देश के विख्यात कवियों ने काव्यपाठ किया। इन कवियों में सुदीप भोला, शिवकुमार व्यास, अजय प्रधान, जमुना प्रसाद उपाध्याय, कमलेश मौर्य, अशोक वर्मा, अर्जुन सिसोदिया, अजय प्रधान,साखी गोपाल पंडा,बाबा सत्यनारायन मौर्य ने भाव विभोर करने वाली प्रस्तुति दी।

07 अप्रैल गुरुवार को अवध विश्वविद्यालय के संत कबीर सभागार में 75 घंटे का अनवरत काव्यपाठ प्रारम्भ हुआ। इसमें देश के विभिन्न कोनो से आने वाले 750 कवि अपनी प्रस्तुति देंगे। 10 अप्रैल को 10 बजे इस अखण्ड काव्य पाठ का समापन किया जायेगा। राष्ट्रीय कवि संगम के जिलाध्यक्ष अरुण द्विवेदी ने बताया कि 9 अप्रैल को शाम 8 बजे अवध विश्वविद्यालय के स्वामी विवेकानंद प्रेक्षागृह में वृहद कवि सम्मेलन का आयोजन किया जा रहा है। इसमें बाबा सत्यनारायन मौर्य, डा हरिओम पवार, कमलेश मौर्य, प्रो शम्भू मनहर, अर्जुन सिसोदिया, राजेश चेतन, डा अशोक बत्रा, किशोर पारिक, शिव कुमार व्यास, प्रियंका राय, श्रीकांत, कल्पना शुक्ला काव्य पाठ प्रस्तुत करेंगी। कार्यक्रम के संरक्षक भाजपा नेता अशोक सिंह, संयोजक हरीश श्रीवास्तव बनाये गये है। इस अवसर पर राष्ट्रीय कवि संगम के प्रान्तीय मंत्री रवि तिवारी व अन्य पदाधिकारियों के साथ साथ विभिन्न प्रान्तों से आये पदाधिकारी व कवि गण उपस्थित रहे।

नेक्स्ट ख़बर

अयोध्या और आस-पास के क्षेत्रों में रहने वालों के लिए एक महत्वपूर्ण सूचना स्रोत है। यह स्थानीय समाचारों के साथ-साथ सामाजिक और सांस्कृतिक घटनाओं की प्रामाणिकता को बनाए रखते हुए उपयोगी जानकारी प्रदान करता है। यह वेबसाइट अपने आप में अयोध्या की सांस्कृतिक और धार्मिक विरासत का एक डिजिटल दस्तावेज है।.

@2025- All Right Reserved.  Faizabad Media Center AYODHYA

Next Khabar is a Local news Portal from Ayodhya