हत्यारोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर सड़क जामकर की गयी नारेबाजी
अयोध्या। महाराजगंज थाना क्षेत्र के कनकपुर में सपा नेता अखिलेश यादव उर्फ टक्कू की हत्या को लेकर सपा नेताओं ने जमकर आक्रोश व्यक्त किया। अंतिम संस्कार के पहले पार्टी कार्यकताओं ने शव रखकर मार्ग जामकर प्रदर्शन किया।
वहीं पुलिस के अनुसार सपा नेता अखिलेश यादव उर्फ टक्कू हत्याकांड में निजी बस संचालन को लेकर आपसी रंजिश का मामला सामने आया है। मामले में मृतक के मामा राम सागर यादव निवासी महाराजगंज की तहरीर पर आदित्य सिंह व अभिषेक सिंह के खिलाफ मुकदमा दर्ज करवा दिया गया है। मृतक अखिलेश व आदित्य के बीच बस संचालन को लेकर रंजिश चल रही थी, इसको लेकर कुछ दिनों पूर्व दोनों में मारपीट भी हुई थी। एसपी ग्रामीण शैलेन्द्र कुमार सिंह ने बताया कि आरोपियों की तलाश में कई टीमों का गठन किया गया है और छापेमारी की जा रही है। मामले में कई संदिग्धों को हिरासत में भी लिया गया है।
बताते चलें कि महाराजगंज थाना क्षेत्र के कनकपुर में सपा नेता अखिलेश यादव उर्फ टक्कू की सोमवार रात ताबड़तोड़ गोलियां बरसाकर हत्या कर दी गई थी। अखिलेश समाजवादी लोहिया वाहिनी में गोसाईगंज विधानसभा संगठन के अध्यक्ष थे। घटना उस वक्त हुई जब वह जिम से घर लौट रहे थे। सपा नेता अखिलेश यादव की हत्या का मामला में लोगों का आक्रोश बढ़ता ही जा रहा है। अयोध्या में सपा कार्यकर्ताओं व स्थानीय लोगों ने महाराजगंज थाने के पास अंबेडकरनगर व टांडा रोड को जाम कर सपा नेता का शव रख कर प्रदर्शन किया। पूर्व राज्यमंत्री तेजनारायण पाण्डेय पवन, पूर्व मंत्री आनंदसेन यादव व पूर्व विधायक अभय सिंह के नेतृत्व में सपाईयो नें पीड़ित परिवार को एक करोड़ रुपये मुआवजे देने की मांग की गयी साथ ही परिवार को सुरक्षा देने को भी कहा। प्रदर्शन के दौरान लोग जल्द आरोपियों के गिरफ्तारी की मांग की। इस दौरान मौके पर भारी फोर्स तैनात कर दी गई है।
पूर्व मंत्री पवन पाण्डेय ने प्रदेश सरकार पर साधा निशाना
अयोध्या। पूर्व मंत्री तेज नारायण पांडे पवन ने प्रदेश में जंगलराज कायम होने का आरोप लगाते हुए प्रदेश सरकार पर आज जमकर निशाना साधा ।श्री पांडे ने कहा कि पूरे प्रदेश के जो हालात है उससे आम आदमी दहशत में है। उन्होने कहा कि जिस तरह से कल सपा के नेता व गोंसाई गंज विधान सभा के लोहिया वाहिनी अध्यक्ष अखिलेश यादव टक्कू की गोली मारकर हत्या कर दी गई ,प्रदेश में जंगलराज काम होने का यह सबसे बड़ा उदाहरण है। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं पर पूरे प्रदेश में अत्याचार किया जा रहा है राजनीतिक दुर्भावना से की जा रही ये घटनाएं बेहद खतरनाक है। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी अपराधों के आगे ना कभी नतमस्तक हुई है और न कभी होगी, कार्यकर्ता संघर्ष का रास्ता अखितयार करते हुए सरकार के खिलाफ मोर्चा खोलेगी। श्री पान्डेय ने कहा कि समाजवादी पार्टी के इस कार्यकर्ता का बलिदान व्यर्थ नहीं जाएगा। समाजवादी पार्टी के लोग सड़क पर उतर कर अपराधों के खिलाफ आवाज बुलंद करेंगे।
सपाइयों ने जताया आक्रोश, कहा प्रदेश की कानून व्यवस्था पूरी तरह फेल
अयोध्या। सपा युवा नेता व समाजवादी लोहिया वाहिनी गोसाईगंज विधानसभा के अध्यक्ष अखिलेश यादव टक्कू की निर्मम हत्या पर समाजवादी पार्टी के नेताओं व कार्यकर्ताओं ने भारी आक्रोश व्यक्त किया। समाजवादी पार्टी के प्रदेश सचिव व पूर्व विधायक जयशंकर पाण्डेय ने कहा कि प्रदेश की योगी सरकार की कानून व्यवस्था पूरी तरह से फेल हो चुकी है कानून नाम की प्रदेश में कोई चीज नहीं बची है। अपराधी आसानी से अपराधों को अंजाम दे रहे हैं। सपा महानगर अध्यक्ष मोहम्मद कमर राईन ने कहा कि अपराधी बेखौफ हो चुके हैं अपराधियों में कानून का डर भय नहीं रह गया है। सपा के पूर्व प्रदेश सचिव मोहम्मद हलीम पप्पू व सपा प्रदेश कार्यकारिणी के पूर्व सदस्य छेदी सिंह ने कहा कि प्रदेश में कानून का राज नहीं है बल्कि अपराधियों का राज हो गया है। पार्टी प्रवक्ता ओम प्रकाश ओमी ने कहा कि जनपद सहित पूरे प्रदेश की कानून व्यवस्था पूरी तरह से ध्वस्त हो चुकी है प्रदेश में अपराधों का मेला लगा हुआ है। समाजवादी युवजन सभा के राष्ट्रीय सचिव पारसनाथ यादव व पूर्व ब्लाक प्रमुख राम अचल यादव ने कहा कि योगी सरकार में सपा कार्यकर्ताओं को चुन-चुन कर मारा जा रहा है और पुलिस हाथ पर हाथ धरे बैठी है। सपा प्रवक्ता ओम प्रकाश ओमी ने बताया कि युवा सपा नेता व समाजवादी लोहिया वाहिनी गोसाईगंज विधानसभा अध्यक्ष अखिलेश यादव टक्कू की हत्याकांड प्रकरण की पूरी जानकारी सपा राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव व सपा प्रदेश अध्यक्ष नरेश उत्तम पटेल को लिखकर फैक्स के माध्यम से भेज दी गई है।
Comments are closed.