सपा के पूर्व मंत्री का आरोप प्रदेश में खत्म हो गया है कानून का राज, जंगल राह जो गया कायम
अयोध्या। योगी सरकार में अपराधी बेखौफ अपराध कर जाते हैं कानून का राज दिख नहीं रहा है। कानून का राज प्रदेश में अब खत्म हो गया है और जंगल राज कायम हो गया है। यह आरोप प्रदेश सरकार पर समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव व पूर्व मंत्री अवधेश प्रसाद ने लगाए। उन्होंने मनोज शुक्ला हत्याकांड की निंदा करते हुए कहा कि प्रदेश में रोज हत्याएं हो रही हैं। अपराधी बड़े आराम से अपराधों को अंजाम दे रहे हैं। उन्होंने उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य के बयान पर कहा कि उप मुख्यमंत्री कहते हैं अखिलेश यादव सपा को संभाले कानून व्यवस्था को संभालने की जिम्मेदारी हमारी है। प्रदेश में रोज हत्याएं व दुष्कर्म की घटनाएं हो रही हैं। क्या उप मुख्यमंत्री की यही जिम्मेदारी है। श्री प्रसाद ने उप मुख्यमंत्री के बयान की निंदा की। पूर्व मंत्री आनंदसेन यादव ने कहा कि सपा सरकार में कानून व्यवस्था को लेकर प्रदेश के राज्यपाल चिट्ठी लिखते थे। आज पूरे प्रदेश में हत्याएं व दुष्कर्म की घटनाएं चरम पर हैं। अब राज्यपाल प्रदेश की योगी सरकार को चिट्ठी क्यों नहीं लिखते हैं। उन्होंने कहा कि आगरा की दीवानी परिसर में बार काउंसिल की अध्यक्ष की खुलेआम हत्या यह साबित करती है कि न्याय का मंदिर भी सुरक्षित नहीं रह गया है। सपा जिलाध्यक्ष गंगासिंह यादव ने कहा कि प्रदेश सरकार अपराध नियंत्रण करने में पूरी तरह विफल है। प्रदेश में हत्याएं व दुष्कर्म की घटनाएं दिनों दिन बढ़ती जा रही है। सपा महानगर अध्यक्ष मोहम्मद कमर राईन ने मनोज हत्याकांड की निंदा करते हुए कहा कि मनोज का परिवार डिप्टी सीएम डॉक्टर दिनेश शर्मा व केशव प्रसाद मौर्य से अयोध्या आगमन पर मिलकर न्याय की मांग की थी जिसे दोनों उप मुख्यमंत्रियों ने गंभीरता से नहीं लिया। पार्टी प्रवक्ता ओम प्रकाश ओमी ने कहा कि मनोज शुक्ला हत्या कांड की पूरी जानकारी सपा राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव व प्रदेश अध्यक्ष नरेश उत्तम पटेल को फैक्स के माध्यम से भेज दी गई है। उन्होंने कहा कि पार्टी अब चुप नहीं बैठेगी सड़कों पर उतरकर बड़ा आंदोलन करेगी।