महिला का गला रेतने व लूटपाट के जुर्म में दो सगे भाई गिरफ्तार
अयोध्या। रौनाही थाना क्षेत्र अन्तर्गत ग्राम लखौरी में किराना व्यवसायी महिला का गला रेतने और लूटपाट के जुर्म में पुलिस ने दो नाबालिग चोरों को गिरफ्तार कर लिया है। मात्र दो हजार की नकदी के लिए दोनों चोर भाईयों ने महिला का गला ब्लेड से काटकर उसे मरणासन्न कर दिया था। पुलिस लाइन सभागार में इस काण्ड का खुलासा एसपी ग्रामीण एस.के. सिंह ने पत्रकार वार्ता में किया। उन्होंने बताया कि 6 जुलाई की रात को लखौरी गांव मंे किराना की दूकान चलाने वाली जानकी देवी गुप्ता पत्नी स्व. जमुना प्रसाद गुप्ता की दूकान में लूटपाट की गयी। बदमाश दरवाजे में हाथ डालकर सिटकिनी खोलकर दूकान में घुसे उस समय जानकी देवी दूकान में ही सो रही थी। आहट पाकर जानकी देवी की आंख खुल गयी और दूकान में घुसे दोनों लोगों को उसने टोका जानकी देवी द्वारा टोके जाने के बाद चोरों ने उनका हाथ पैर रस्सी से बांध दिया और मुंह पर टेप लगा दिया। इसके बावजूद भी जब जानकी ने विरोध जारी रखा तो चोरों में से एक ने ब्लेड का वार कर गले में गहरा घाव बना दिया। चोरों ने गल्ला खोला तो उसमे कुल दो हजार रूपये रखे थे। उन्होंने बताया कि इस मामले में थाना पुलिस व घायल महिला के परिजनों ने तत्परता दिखाते हुए रात्रि लगभग 2 बजे ही जानकी देवी को जिला चिकित्सालय लाकर भर्ती कराया फौरी चिकित्सा मिल जाने के कारण जानकी देवी के जीवन की रक्षा हो सकी। उन्होंने बताया कि घायल महिला के परिवारीजनों की तहरीर पर रौनाही थाना मे मु.अ.सं. 304/19 आईपीसी की धारा 456, 380 व 411 के तहत अज्ञात चोरों के विरूद्ध मुकदमा पंजीकृत किया गया। इस काण्ड के पर्दाफास करने के लिए मुखबिरों को लगाया गया मुखबिरों की सटीक सूचना पर नाबालिक चोर रवी व धु्रव पुत्रगण गुड्डू महरा निवासी ग्राम लखौरी को गिरफ्तार कर लिया गया। दोनों चोरों के पास से चोरी किया गया दो हजार रूपये, गला काटने के लिए इस्तेमाल किया गया ब्लेड और रस्सी भी बरामद कर ली गयी है। दोनों चोरों को अग्रिम कार्यवाही के लिए अदालत में पेश किया जा रहा है।