बदहाल कानून व्यवस्था को लेकर सपा 26 को देगी धरना
अयोध्या। फैजाबाद सहित प्रदेश की गिरती कानून व्यवस्था को लेकर समाजवादी पार्टी धरना प्रदर्शन करेगी। यह बातें सपा कार्यालय लोहिया भवन में समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव व पूर्व मंत्री अवधेश प्रसाद ने एक तैयारी बैठक में कहीं। उन्होंने कहा कि पूरे प्रदेश में अराजकता का माहौल है लूट, हत्या, डकैती और दुष्कर्म की घटनाएं आम बात हो गई है। अपराधियों में कानून का डर नहीं रह गया है। समाजवादी पार्टी अब चुप नहीं बैठेगी सड़कों पर उतरकर आंदोलन करेगी। उन्होंने कहा कि अराजकता के माहौल से प्रदेश के लोगों में डर और भय का वातावरण बना हुआ है। तैयारी बैठक की अध्यक्षता कर रहे सपा जिलाध्यक्ष गंगासिंह यादव ने कहा कि जब से प्रदेश में भाजपा की सरकार बनी है प्रतिदिन घटनाएं हो रही हैं। उन्होंने कहा कि सपा कार्यकर्ताओं का उत्पीड़न हो रहा है और विपक्ष की आवाज को दबाया जा रहा है। सपा प्रवक्ता ओम प्रकाश ओमी ने बताया कि 26 जून को पूर्व मंत्री श्री प्रसाद की अगुवाई में सिविल लाइन के गांधी पार्क में बिगड़ी कानून व्यवस्था के खिलाफ व अन्य मुद्दों को लेकर समाजवादी पार्टी धरना प्रदर्शन करेगी तैयारी बैठक का संचालन पार्षद राम भवन यादव ने किया।